Friday 8 November 2013

जल्द शुरू होंगी मायावती की रैलियां

Mayawati

 कांग्रेस, भाजपा तथा सपा के बाद बसपा भी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जोर-शोर से जुटेगी। जल्द ही बसपा प्रमुख मायावती की उत्तर प्रदेश में रैलियों का वृहद कार्यक्रम तय हो जाएगा। 10 नवंबर को लखनऊ में पार्टी के पदाधिकारियों व जोनल कोआर्डिनेटरों की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें राजनीतिक माहौल को देखते कुछ लोकसभा प्रत्याशियों को बदलने पर निर्णय हो सकता है। अधिकृत तौर घोषणा न सही लेकिन पार्टी ने लगभग सभी लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी तय कर रखे हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सूबे में भी मायावती की रैलियों का सिलसिला भी जल्द शुरू होगा।पाच राज्य के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीते तीन माह से मायावती में दिल्ली में ही हैं। पार्टी दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ रही है। दस को पदाधिकारियों व जोनल कोआर्डिनेटरों के साथ बैठक के साथ ही बसपा प्रमुख मायावती पार्टी के लोकसभा प्रत्याशियों से भी अलग-अलग मिलेंगी। सूत्रों के मुताबिक मुजफ्फनगर दंगे के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदले सियासी समीकरण को देखते हुए भी बसपा प्रमुख कुछ क्षेत्रों के प्रत्याशियों को बदल सकती है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि बसपा प्रमुख फिलहाल यहीं रहकर मध्यप्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में चुनावी सभाएं करेंगी। पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद प्रदेश में रैलियों की तिथि घोषित की जा सकती हैं।
बसपा के कुल 21 सासदों में से 20 उत्तर प्रदेश से ही हैं। ऐसे में पार्टी भले ही किसी से गठबंधन किए बिना देश की ज्यादातर लोकसभा सीटों पर ताल ठोकने को तैयार है इसलिए उसका सर्वाधिक फोकस सूबे की 80 सीटों पर ही है। पार्टी पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव के बाद से ही लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है। पार्टी सुप्रीमो के निर्देश पर पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के चुपचाप बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ कमेटियों का गठन कर कैडर कैंप चल रहे हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम भी किया जा रहा है। इन कामों की समीक्षा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर करते रहे हैं लेकिन जिस तरह से दूसरी पार्टियों की इधर सूबे में सक्त्रियता बढ़ी है उसको देखते हुए अबकी बसपा प्रमुख खुद ही तैयारियों की समीक्षा करेंगी।

No comments:

Post a Comment